सड़क किनारे टायर बदल रहे तीन लोगों को कंटेनर ने कुचला
जिले के सुकेत थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि करीब तीन बजे सड़क किनारे खड़े होकर पिकअप वाहन का टायर बदल रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। सभी पीड़ित झालावाड़ जिले के पनवासा गांव से पिकअप में प्याज लादकर कोटा सब्जी मंडी जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलने पर सुकेत थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दो व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पनवासा निवासी 43 वर्षीय भेरूलाल पुत्र लालचंद गोस्वामी और 24 वर्षीय लोकेश पुत्र रोशन माली के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय मोहनलाल पुत्र अमरलाल का इलाज एसआरजी अस्पताल में जारी है।
ये भी पढ़ें: अजमेर: बस में चढ़ रही बुजुर्ग महिला के बैग में कट मारा, 40 लाख के गहने चोरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पिकअप का टायर पंचर होने से हादसा
सुकेत थाना अधिकारी महावीर भार्गव ने बताया कि पनवासा गांव निवासी तीनों लोग पिकअप में प्याज भरकर कोटा सब्जी मंडी जा रहे थे। रास्ते में देवधाबा इलाके के पास पिकअप का टायर पंचर हो गया। इसके बाद तीनों सड़क किनारे वाहन खड़ा करके स्टेपनी बदलने लगे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
सुकेत थाना पुलिस ने रविवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।