केकड़ी में गरीब महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें स्थाई आजीविका प्रदान कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार के राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद द्वारा संचालित राजीविका संस्थान में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व उन्हें महिला अधिकारों के प्रति जागरुक करने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही लैंगिक समानता के लिए भी महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर इस बारे में जागरुक बनाया जा रहा है।
इस क्रम में केकड़ी में संस्थान की ओर से शिविर लगाकर राजीविका से जुड़ी क्षेत्र की महिलाओं को दिल्ली से आई नेशनल रिसोर्स पर्सन देवी एवं जयपुर से स्टेट रिसोर्स पर्सन अंजू शर्मा द्वारा लैंगिक समानता विषय पर चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर इस बारे में ट्रेनिंग दी जा रही है। शिविर में महिलाओं को जहां लैंगिक समानता के बारे में बताया जा रहा है। वहीं, उन्हें ये भी समझाया जा रहा है कि लैंगिक समानता किस प्रकार से समाज एवं सभी के लिए लाभदायक साबित हो सकती है।
इस ट्रेनिंग के बाद केकड़ी में महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग से संबद्ध जेंडर रिसोर्स सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसे लैंगिक मतभेद से जुड़े मामलों में महिलाओं की सुनवाई एवं प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। इसके साथ ही बच्चियों को भी गुड टच एवं बैड टच के बारे में समझाकर उन्हें इस बारे में जागरुक किया जा सकेगा।
ट्रेनिंग में शामिल राजीविका से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि इस ट्रेनिंग के माध्यम से उन्हें पुराने जमाने की सोच को बदलकर बेटे और बेटियों को समान रूप से समझते हुए दोनों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर प्रदान किए जाने के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके तहत उन्हें सरकार की विविध कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।