केकड़ी शहर में बीती रात चोर एक सूने मकान के ताले तोड़कर कई कीमती गहने व हजारों की नकदी चुराकर ले गए। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। मकान मालिक एक माह से बाहर गया हुआ था। पुलिस मामला दर्ज कर चोरों का सुराग ढूंढ रही है।
चोरी की यह वारदात शहर के जुवाड़िया मोहल्ला में स्थित अजय शाह के मकान में हुई। मकान मालिक गत एक माह से बाहर गया हुआ है। चोरों ने घर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा एक कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी समेत सोने-चांदी के जेवर लेकर रफू चक्कर हो गए। सवेरे जब आसपास के लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने तुरंत मकान मालिक अजय शाह को मामले के बारे में सूचना दी।
मकान मालिक द्वारा अपने स्थानीय रिश्तेदारों को इस बारे में सूचित करने पर मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने पुलिस को वारदात की सूचना दी। चोरी का पता चलने पर सिटी थाना पुलिस के हैड कांस्टेबल रामस्वरूप एवं राकेश मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।
बताया गया है कि अलमारी में 30-40 हजार रुपये नकद तथा चांदी के बर्तन एवं सोने-चांदी के जेवर आदि कीमती सामान रखे हुए थे। चोर सभी सामान समेटकर ले गए।
बताया जाता है कि चोरों ने केवल एक कमरे को ही निशाना बनाया तथा उसी में रखा सामान चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने अनुमान व्यक्त किया है कि चोरों को घर की भौगोलिक स्थिति के बारे में पूरी जानकारी थी। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर कोई पहचान वाला हो सकता है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है। उल्लेखनीय है यह मकान शहर के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय अखिलेश शाह का पैतृक मकान है, जिसमें उनका छोटा भाई अजय शाह रहता है।