पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर सुशासन दिवस के तहत केकड़ी में बुधवार सुबह शिक्षा विभाग द्वारा रैली का आयोजन किया गया। स्काउट गाइड और विद्यार्थियों की रैली को मुख्य अतिथि के रूप में विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए नगर परिषद पर जाकर संपन्न हुई, जहां एक समारोह आयोजित कर भारत रत्न स्वर्गीय अटलबिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में राज्य सरकार द्वारा सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने आदर्शों से राजनीति में जो स्थान वाजपेयीजी ने बनाया वह सदैव अनुकरणीय रहेगा। अटलजी का सम्मान न केवल उनके चाहने वाले करते हैं, बल्कि विपक्ष के लोगों ने भी हमेशा उनकी अच्छाइयों का गुणगान किया है।
उन्होंने कहा कि वाजपेयीजी ने कई देशों के विरोध के बावजूद पोकरण परमाणु विस्फोट के माध्यम से भारत देश को विश्व में एक सशक्त एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में खड़ा करने का कार्य किया। देश की प्रगति के लिए आवश्यक स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान क्रेडिट योजना जैसी कई विशेष जनकल्याणकारी योजनाएं अटलजी ने ही प्रारंभ कीं। प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होने वाली नदी जोड़ो परियोजना अटलजी की ही देन है, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर विधायक गौतम ने विद्यार्थियों से अटलजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया और कहा कि वाजपेयीजी के जीवन मूल्यों और शिक्षाओं का अनुसरण ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी ने वाजपेयीजी के आदर्श और सिद्धांतों को याद करते हुए कहा कि सुशासन को लेकर अटलजी की परिकल्पना के अनुरूप ही पंचायत मुख्यालयों पर शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें राहत दी जा रही है। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को समस्त ब्लॉक में विशेष अटल जनसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्राप्त आवेदनों एवं परिवादों का निस्तारण करते हुए राज्य एवं केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से वंचित पात्रों से आवेदन करवाए जाएंगे। साथ ही 31 दिसंबर तक जिले में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी दिशि शर्मा, तहसीलदार भोपाल सिंह मीणा, भाजपा केकड़ी मंडल अध्यक्ष अनिल राठी, भाजपा गणेश चौकी मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी इंद्रजीत सिंह, नगर परिषद आयुक्त विक्रम जोरवाल, सहायक नगर नियोजक संजय सारस्वत, लेखाधिकारी राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्काउट गाइड मौजूद रहे।