अवैध बजरी खनन व परिवहन के खिलाफ पुलिस की सख्ती के बावजूद खनन माफिया से जुड़े लोग अपनी कारगुजारियों से बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार को खारी नदी में जेसीबी मशीन से बजरी खोद रहे लोग अचानक पुलिस के पहुंचने पर मशीन छोड़कर भाग छूटे।
जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर वंदिता राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी सोराजमल मीणा व पुलिस उपअधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन में सावर थाना प्रभारी बनवारीलाल मीणा ने सावर क्षेत्र की खारी नदी में अवैध बजरी खनन कर रही एक जेसीबी जब्त की है।
सावर थाना प्रभारी को देर रात्रि में गश्त के दौरान टांकावास ग्राम पंचायत के देवखेड़ी से जेतपुरा पहुंचने पर खारी नदी में एक वाहन की लाइटें जली नजर आईं। इस पर मय जाप्ता नदी में पहुंचने पर पता चला कि सामने की तरफ जेसीबी मशीन से अवैध बजरी खनन किया जा रहा था। जेसीबी का चालक पुलिस को आता देख जेसीबी को धूंधरी गांव की तरफ भगाकर ले गया और आगे जाकर मशीन को रास्ते में ही छोड़कर भाग गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। अवैध बजरी खनन की कार्रवाई को लेकर पुलिस द्वारा माइनिंग विभाग के सहायक अभियंता को सूचना दी गई है। माइनिंग विभाग की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।
उल्लेखनीय है कि खारी नदी में बजरी खनन को लेकर सरकार ने लीज जारी कर रखी है। लीजधारक द्वारा सरकार को बजरी निकालने को लेकर करोड़ों का रॉयल्टी टैक्स दिया जाता है। उसके बावजूद अवैध बजरी खनन से जुड़े माफिया लीजधारक व सरकार को रोजाना लाखों रुपयों का चूना लगा रहे हैं। इन दिनों अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए रोजाना रात्रि गश्त लगाई जा रही है, जिससे बजरी माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।