जिले के सांपला क्षेत्र में गोपालपुरा ग्राम पंचायत के गांव गोपालपुरा, खेड़ी शंकर, सांपली, रामखेड़ी व कल्याणपुरा गांव बीसलपुर पाइप लाइन से जोड़ दिए गए हैं लेकिन जलदाय विभाग की लापरवाही व जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण बीसलपुर लाइन से जुड़ने के एक साल बाद भी यहां पर पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे इन गांवों के करीब 2000 ग्रामीण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों की इस समस्या पर न तो जलदाय विभाग ध्यान दे रहा है और न ही पंचायत प्रशासन।
ठंड का मौसम होने के बावजूद यहां के बाशिंदों को निजी स्तर पर पीने के पानी के लिए महंगे दामों पर निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे लोगों में नाराजगी फैल रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलदाय विभाग कार्यालय व ग्राम पंचायत कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम द्वारा गोद लिए गए गोपालपुरा पंचायत के गांव श्यामपुरा में भी 2 साल से पेयजल संकट बना हुआ है। इससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव श्यामपुरा को गोद लेते समय विधायक गौतम ने प्रशासनिक अधिकारियों को कहा था कि गांव में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए लेकिन स्थिति यह है कि दो साल बाद भी जलदाय विभाग विधायक की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि यहां पर स्कूल में भी बच्चों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। स्कूल के शिक्षकों को भामाशाहों के सहयोग से कुएं में मोटर डालकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गोपालपुरा, श्यामपुरा, खेड़ी शंकर, सांपली, राम खेड़ी व कल्याणपुरा में पानी की सप्लाई चालू करने के लिए वे शीघ्र ही क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम से मिलकर उन्हें समस्या से अवगत कराएंगे।
सांपली के पूर्व उपसरपंच रामलाल चौधरी ने कहा कि एक साल से भी अधिक समय हो गया है लेकिन बीसलपुर का पानी यहां नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं स्कूल के बच्चों के लिए टैंकर की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
कल्याणपुरा के रामराज मालीका कहना है कि बीसलपुर पाइप लाइन से जुड़े हुए कई साल हो गए लेकिन टंकी तक पानी नहीं पहुंच रहा है ग्रामीणों द्वारा बार-बार जनप्रतिनिधियों व ग्राम पंचायत को अवगत कराने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
इधर इन मामलों पर सरवाड़ पीएचईडी के जेईएन सावन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी गांवों को टंकी से जोड़ने का कार्य चल रहा है। श्यामपुर बीसलपुर पाइपलाइन से जुड़ा हुआ है लेकिन सड़क निर्माण कार्य के दौरान लाइन जगह-जगह से डैमेज हो गई है। उसे सही करने के बाद श्यामपुर के लोगों को भी पीने का पानी मिल सकेगा।