राजस्थान विधानसभा में राज्य बजट पर चर्चा के दौरान केकड़ी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक शत्रुघ्न गौतम ने गुरुवार को पिछली कांग्रेस सरकार को जमकर घेरा। गौतम ने पिछली सरकार के दौरान हुए लैंड फॉर लैंड घोटाले को भी सदन में उठाया। उन्होंने लैंड फॉर लैंड के तहत 10 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए सरकार से जांच की मांग की।
विधानसभा में राज्य बजट पर चर्चा के दौरान केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बजट को सभी वर्गों के लिए हितकारी बताया। गौतम ने प्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना की। वहीं, कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने इस बजट में गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं की पीड़ा को समझते हुए सभी वर्गों के हित में योजनाएं प्रस्तुत की हैं। गौतम ने पिछली सरकार के दौरान हुए लैंड फॉर लैंड घोटाले को भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने चहेतों को फायदा देने के लिए चाकसू में 20 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से जमीन समर्पण करा कर जयपुर में रिंग रोड पर 35 हजार रुपये गज की जमीन दी गई। उन्होंने लैंड फॉर लैंड के तहत 10 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया। साथ ही सरकार से मांग की है कि लैंड फॉर लैंड मामले की जांच कराई जाए।
विधानसभा में हुआ गतिरोध सोचनीय
उन्होंने विधानसभा में हुए गतिरोध पर कहा कि यह एक पवित्र सदन है। जनता हमें विधायक बनाकर भेजती है और सोचती है कि हमारा विधायक हमारी बातों को विधानसभा में रखेगा। इस सदन में जिस तरह की परिस्थितियां पैदा हुई है, वह सोचनीय विषय है। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा अमर्यादित भाषा का उपयोग और अनावश्यक गतिरोध पैदा करना जनता के हितों के खिलाफ है।
माफी मांगे पिछली सरकार
उन्होनें कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपनी पूरी टीम के साथ राजस्थान की जनता से माफी मांगनी चाहिए। पिछली सरकार ने आखिरी बजट में 7000 करोड़ की स्वीकृति दी थी और उसके विरुद्ध 17 हजार करोड़ की स्वीकृतियां निकाल दी। आचार संहिता के दौरान भी अधिकारी स्वीकृतियां निकालकर नेताओं को जिताने में लगे थे। कांग्रेस के लोग मान-मर्यादा की बात करते हैं, लेकिन मालपुरा से कांग्रेस ने जिसे टिकट दिया, उस पर 700 करोड़ की जीएसटी चोरी का आरोप है।
उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा को यह बताना चाहिए कि यह टिकट किसके कहने पर दिया गया। गौतम ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा में मर्यादा और नियमों की बात करती है, लेकिन वास्तव में उसकी कार्यशैली और नीतियां जनता के साथ धोखा करने वाली रही हैं। उन्होनें कांग्रेस की पिछली सरकारों पर जमकर बदइंतजामी व अनियमितताओं के तंज कसे और उनकी सरकारों में बिजली बोर्ड की बदहाली व हजारों करोड़ रुपयों के कर्जे का जिक्र किया। साथ ही उन्होनें पिछली कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके नेताओं ने कोविड में जमकर लूट मचाई। कांग्रेस राज में महिलाओं और बच्चियों के साथ अत्याचार बढ़ा।
नए जिले बनाने का निर्णय अविवेकपूर्ण
शत्रुघ्न गौतम ने पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने अविवेकपूर्ण निर्णय करते हुए कई नए जिले बना दिए। उन्होंने केकड़ी विधानसभा का जिक्र करते हुए कहा कि देवली की 8 पंचायतें डूब क्षेत्र में हैं। उन्हें केकड़ी में शामिल नहीं किया गया। शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि पिछली सरकार ने नए जिले बना दिए और उनके लिए बजट नहीं दिया। नए जिलों में केवल कलेक्टर और एसपी बिठाने का काम कांग्रेस ने किया। शाहपुरा और मालपुरा को केवल कुछ नेताओं को संतुष्ट करने के लिए जिला बना दिया गया। गौतम ने काग्रेस से सवाल किया कि जब नए जिले बनाए गए तो इनके लिए बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पर्याप्त बजट क्यों नहीं रखा गया? केवल जिलों की घोषणा कर देना राजनीतिक नौटंकी के अलावा कुछ नहीं।
मदद के लिए तत्पर रहते हैं मुख्यमंत्री
गौतम ने कहा कि कांग्रेस के नेता पर्ची सरकार का आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसान के बेटे हैं। पार्टी ने जमीन से जुड़े व्यक्ति को सरकार का मुखिया बनाया है। साथ ही गौतम ने कहा कि किसी भी दल के विधायक की मदद के लिए मुख्यमंत्री हमेशा तत्पर रहते हैं।
पूरक बजट में मिली केकड़ी को सौगातें
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत पूरक बजट में केकड़ी क्षेत्र के लिए कई अहम विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है। विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। पूरक बजट में केकड़ी में रोडवेज डिपो, बड़े तालाब के सौंदर्यकरण पर 50 करोड़ की मंजूरी, एससी-एसटी कोर्ट की स्थापना सहित सिंगावल से गोपालपुरा, भिनाय, टाटोटी, सराना, कोटड़ी, बडला, बावड़ी होते हुए डबरेला तक 57 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण, नई दातोप से भादू का खेड़ा, संडीला बालाजी, खुवाड़ा, कनोज, लसाडिया, एकलसिंहा तक 25 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है।