विधायक रघु शर्मा का हुआ भव्य स्वागत।
- फोटो : अमर उजाला
केकड़ी के जिला घोषित होने के बाद पूर्व चिकित्सा मंत्री और स्थानीय विधायक डॉ. रघु शर्मा पहली बार जिले पहुंचे। जहां उनका विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।
बीते दिनों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान प्रदेश में नए जिले और संभाग बनाए थे। इनमें केकड़ी को भी जिला बनाया गया था। जिला घोषित होने के बाद विधायक डॉ. रघु शर्मा पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र केकड़ी आए।
शर्मा के केकड़ी क्षेत्र में प्रवेश के करते ही विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों में पूरे रास्ते में उन्हें रोक-रोककर फूल माला पहनाई और फूलों की बरसात की। वहीं, शहर के पटेल मैदान में केकड़ी जिला महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रघु शर्मा ने कहा कि केकड़ी क्षेत्र विकास से बहुत दूर था। सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए पूरा खजाना खोल दिया। अब सरकार ने इसे जिला घोषित किया। जिले के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं जुटाने के प्रयास पहले से ही किए जा रहे हैं। जिला मुख्यालय से दूरी को देखते हुए राजकीय चिकित्सालय को जिला चिकित्सालय का दर्जा दिया गया है। पलंगों की संख्या, चिकित्सा सुविधा और चिकित्सकों के पदों में भी वृद्धि की गई।
उन्होंने कहा कि केकड़ी में विकास की धारा लगातार बहती रहेगी। सरकार द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्य कराए जाएंगे। सरकार द्वारा संसाधनों में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। वर्तमान में घोषित नवीन जिलों में केकड़ी का विकास अन्य जिलों के लिए मॉडल बनेगा।