बीफ को लेकर देशभर में मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है, राजस्थान की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में बीफ खाने की अफवाह पर चार कश्मीरी छात्रों की पिटाई कर दी गई।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार वाक्या सोमवार को चित्तौड़गढ़ की मेवाड यूनिवर्सिटी में हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार छात्रों को पिटाई से बचाया। जानकारी के अनुसार बीफ खाने की सूचना पर हिंदूवादी संगठन के कुछ कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी कैंपस में पहुंचे और छात्रों से मारपीट की।
पुलिस के अनुसार मामला बिगड़ने से पहले ही हालात संभाल लिए गए। कश्मीरी छात्रों से मिले मीट को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। हालांकि इसका बचाव करते हुए यूनिवर्सिटी के मीडिया प्रवक्ता हरीश गुरनामी ने बताया कि हमारे यहां देशभर के 23 राज्यों से छात्र पढ़ने के लिए आते हैं यह एक मिनी इंडिया की तरह है। कई बार इस तरह की छोटी घटनाएं होती रहती हैं क्योंकि लोग विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमि और भिन्न भिन्न संस्कृतियों से पढ़ने के लिए यहां आते हैं।
बता दें कि एक दिन पूर्व ही गृह मंत्रालय ने कोलकाता के कालेजों के लिए एडवाइजरी जारी की थी कि वो अपने यहां पढ़ने वाले जम्मू और कश्मीर के छात्रों की जानकारी उनसे साझा करें।