मासलपुर थाना पुलिस ने बाइक सवार युवकों से लूट के आरोपी दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी बृजभान गुर्जर व दिनेश गुर्जर निवासी गामरी, थाना कंचनपुर, धौलपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का माल, मोबाइल और मोटर बाइक बरामद की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
मासलपुर थाना अधिकारी नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय व एएसपी शंकरलाल मीणा के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत डीएसपी अनुज शुभम के नेतृत्व में मासलपुर थाना पुलिस ने करीब डेढ़ माह पूर्व धौलपुर-छाबर लिंक रोड पर हुई लूट की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने लूट के आरोपी बृजभान पुत्र भंवरसिंह गुर्जर व दिनेश पुत्र दीवान सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की मोटर बाइक व मोबाइल को जब्त किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है।
थाना अधिकारी ने बताया कि 27 जुलाई को छाबर निवासी रामविलास पुत्र केदार जंगम ने थाने पर रिपोर्ट सौंपी थी। एफआईआर में बताया कि 25 जुलाई को वो और उसका छोटा भाई विष्णु करौली से छाबर के लिए आ रहे थे। इस दौरान कोटे व मचानी के रास्ते में मोटर बाइक पर तीन युवकों ने पिस्टल दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया और उनसे स्मार्ट फोन व मोटर बाइक छीन ली। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को मरदई मोड मासलपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।