हादसे के बाद शवों को पोस्टमार्टम हाउस लाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
लांगरा थाना क्षेत्र के पाटीनकापुरा गांव में कुएं में गिरने से मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। युवती खेत पर कुएं के समीप अपनी दोनों बेटियों को नहला रही थी। इस दौरान पैर फिसलने से कुएं में जा गिरी और उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर लांगरा थाना अधिकारी वासुदेव बसवाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों के शव करौली जिला अस्पताल मोर्चरी में लेकर आए। वहां पोस्टमार्टम कराया गया।
थाना अधिकारी ने बताया कि मृतका के भाई रामकेश मीणा ने शिकायत दी है। शिकायत में बताया कि मीना पत्नी अतर सिंह मीणा अपनी पुत्री नेहा और कीर्ति के साथ कुंए पर गई थीं। यहां दोनों बेटियों को कुंए के पास नहला रही थी। इस दौरान अचानक फिसलकर बेटी कुएं में जा गिरी बेटियों को बचाने के प्रयास में वो भी कुएं में कूद गई। गहरे पानी में डूबने से मां और दो बेटियों सहित तीनों की मौत हो गई। एक मां और दो बेटियों की मौत से परिजनों में रुदन मच गया। पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद तीनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
मामले को लेकर तहसीलदार महेंद्र गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार की मौजूदगी में तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। तहसीलदार महेंद्र गुप्ता मामले की जांच कर रहे हैं। इस अवसर पर लांगरा थाना अधिकारी वासुदेव मंडरायल तहसीलदार महेंद्र गुप्ता सहित परिजन मौजूद रहे।