जिला परिषद साधारण सभा की बैठक जिला परिषद स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पानी, बिजली, सड़क, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न कार्यों में अनियमितता और अधिकारियों द्वारा समस्या समाधान में देरी के आरोप लगाए गए। इस दौरान जिला परिषद सदस्यों ने नियमित बैठक नहीं होने तथा कई जिम्मेदार अधिकारियों के बैठक में शामिल नहीं होने के आरोप भी लगाए।
बैठक में करौली विधायक दर्शनसिंह गुर्जर ने जलग्रहण विभाग द्वारा करौली भद्रावती के पुनरुद्धार के लिए जारी किए गए बजट से हुए कार्यों के धरातल पर नहीं दिखने और हिंडौन पंचायत समिति क्षेत्र में निर्माण कार्यों में अनियमितता के बावजूद जांच में दोषी कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोप भी लगाए।
करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव ने अधिकारियों को भीषण गर्मी में ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त पानी-बिजली की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि अधिकारी समस्याओं को सुनकर गंभीरता के साथ उनका समाधान करें। साथ ही उन्होंने बैठक में आने वाले सदस्यों से भी अपनी समस्याएं नोट करके लाने की अपील की ताकि उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा जा सकें।