करौली जिले की मासलपुर पुलिस ने घर में घुसकर लूट करने वाले एक और इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी चंचल शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश धौलपुर जिले के डांग बसई थाना क्षेत्र के ज्वाये का पुरा गांव निवासी नेता उर्फ जयपाल गुर्जर है। वह मासलपुर थाने के 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों में से एक है।
थाना धिकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस द्वारा इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए आरोपी के बाड़ी रिंग रोड पर बहादुर सिंह मिस्त्री मार्केट के पास भागने की फिराक में खड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर बदमाश छिपने की कोशिश करने लगा। लेकिन, पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी पर करौली पुलिस अधीक्षक की ओर से 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
गौरतलब है कि 19 मई 2023 को मासलपुर कस्बे में दो घरों में घुसकर परिवार को बंधक बना एक महिलाओं के साथ मारपीट की गई थी और कट्टा दिखाकर नकदी व जेवरात लूट कर फरार हो गए थे। इस मामले में अन्य आरोपी देवेंद्र, वनबारी, होली, गिर्राज और रामगोविन्द गुर्जर को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है ।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी चंचल शर्मा, हैड कांस्टेबल परमजीत सिंह, गजराज सिंह, कांस्टेबल राजेश, रविन्द्र, सतवीर सिंह, प्रदीप शर्मा, राजेश कुमार, पुनीत कुमार व बृजेश कुमार शामिल रहे। बदमाश की गिरफ्तारी में हैड कांस्टेबल परमजीत सिंह व कांस्टेबल राजेश की अहम भूमिका रही।