राजस्थान के करौली में मासलपुर डांग क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गावों में समाज कंटकों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही एसपी और एडीएम को ज्ञापन सौंपा। मासलपुर डांग क्षेत्र में समाज कंटकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, नई पुलिस चौकी स्थापित करने और पर्याप्त मात्रा में पुलिस की नफरी तैनात करने की मांग की है।
केशव भारद्वाज और भल्लू गुर्जर ने बताया मासलपुर डांग क्षेत्र के पातरी डांग के कंचनपुर, लखनीपुर, मेवला, भाऊआ, सिघनिया, फरकपुर, खेडा राजगढ़, सरदारपुरा, भोजपुर, आलमपुर, सिंगनपुर, चामडपुरा, बरवडपुरा आदि गांवों में पिछले कई महीनों से समाज कंटकों का आतंक है। समाज कंटक कभी भैसों को चुराकर ले जाते हैं, तो कभी गांव वालों को धमकी देकर जाते हैं। कभी चरवाहों के साथ मारपीट कर देते हैं। जिससे क्षेत्र के लोगों में भय व्याप्त है। मजदूर अपने काम धन्धों पर जाने से डरते हैं। ऐसे असामाजिक तत्व अपराध करने के बाद जंगलों का फायदा उठाकर आसानी से निकल जाते हैं। मेवला गांव से डकैत बन्दूक की नोंक पर बकरियों को चुरा ले गए। जिसकी रिपोर्ट मासलपुर थाने में दर्ज कराई है। आलमपुर और सरदार पुरा से भी भैंस चोरी कर ले गए।
इस क्षेत्र में ग्रामीणों का प्रमुख धंधा पशुपालन और कृषि कार्य है। कई बार वारदात होने के कारण पशुपालक अपराधियों के डर से पशुओं को जंगल में चराने नहीं ले जाते हैं। क्षेत्र के लोग भय के साए में जीवन यापन को मजबूर है। परेशानियों और अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए सिंगनपुर की पुलिस चौकी पर पुलिस जाप्ता बढाने, पुलिस गश्त बढ़ाने और भौगोलिक आधार पर एक नई पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की हूं। जिससे क्षेत्र में अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके और आमजनता को भय मुक्त किया जा सके।
इस दौरान मोहन सिंह, बाबूलाल, दुर्गी लाल, निहाल सिंह, मान सिंह, पीतम, बीरबल, राम सिंह, प्रकाश, राजाराम, राशिद, द्वारका, रामदयाल, पूरण आदि मौजूद रहें।