भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जयपुर में 19 से लेकर 21 मई तक राष्ट्रीय पदाधिकारियों और संगठन महामंत्रियों की बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2023 और साल 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार किया जाएगा।
जयपुर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक 20 हजार झंडे लगा कर शहर को सजाया गया है। एक हजार मोटर साइकिल युवा मोर्चा का जुलूस भी जेपी नड्डा के साथ एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक साथ ही चलेगा। पूनिया के अनुसार राजस्थानी वाद्य यंत्र रावन हत्था से राजस्थानी पारंपरिक धुनों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत और सत्कार होगा। जेपी नड्डा को सिरोही की तलवार और 11 मीटर का साफा पहनाकर राजस्थान में स्वागत किया जाएगा। जेपी नड्डा रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगे और होटल लीला में बीजेपी की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय संगठन मंत्रियों की बैठक को संबोधित भी करेंगे।
राजे समर्थक नेता से छीनी स्वागत की जिम्मेदारी
दूसरी ओर गांधी सर्किल पर मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने नड्डा के स्वागत किया जाने का कार्यक्रम तय किया था लेकिन अंतिम समय में इसमें बदलाव कर दिया गया। यहां पार्टी की महिला मोर्चा को स्वागत की जिम्मेदारी दे दी गई और कालीचरण सराफ को एयरपोर्ट पर आने को कह दिया गया। राजे के सबसे नजदीकी माने जाने वाले नेता अशोक परनामी को उनके विधानसभा क्षेत्र में खुद और समर्थकों के दम पर नड्डा के स्वागत की जिम्मेदारी दिए जाने में बस्सी के नेताओं ने रोड़ा अटका दिया। यही कारण है कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में आदर्श नगर विधानसभा के साथ ही बस्सी विधानसभा से जुड़े भाजपा के नेता और पदाधिकारी मिलकर नड्डा का स्वागत करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते सतीश पूनिया एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक लगातार जेपी नड्डा के साथ रहेंगे। जिस होटल में कार्यक्रम हो रहा है, वह भी सतीश पूनिया के विधानसभा क्षेत्र आमेर में ही है। इसके साथ ही नड्डा के स्वागत का अंतिम कार्यक्रम भी आमेर के कुंडा क्षेत्र में ही होगा। जिसमें संभवत पूनिया समर्थक अपनी शक्ति पार्टी आलाकमान को दिखाने की कोशिश करेंगे।