देश में महिलाओं को भयमुक्त यात्रा देने की शुरुआत बुधवार को राजस्थान रोडवेज की ओर से महिला गौरव एक्सप्रेस के रूप में हुई। महिलाओं को सुरक्षित यात्रा देने के उद्देश्य से देश में पहली बार पैनिक बटन लगी बस को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
दिल्ली के बीकानेर हाऊस से इस पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई। शुरुआती दौर में बीस बसों में से 10 डीलक्स और 10 सुपर डीलक्स बसों में यह सिस्टम शुरू किया गया है।
महिलाओं को तत्काल सहायता के लिए इन बसों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम, दो सीसीटीवी कैमरा और पैनिक बटन की सुविधाएं रखी गई हैं। कैमरों में से एक स्टिल और एक वीडियो कैमरा है। गड़करी ने घोषणा की कि अब राज्यों के रोडवेज में नई शामिल होनेवाली बसों में महिला सुरक्षा की व्यवस्था होगी।
शीघ्र ही सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। बस में ड्राइवर की सीट के पीछे लाल रंग का पैनिक बटन लगा है और ये बटन व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम से जुड़ा हुआ है। दबते ही ये बटन रोजवेज के जयपुर मुख्यालय के केंट्रोल रूम व डिपो प्रबंधक के कमरे में मैसेज के रूप में सूचना देगा।
सूचना में गाड़ी का नम्बर और इसकी वर्तमान स्थिति आएगी। वहीं यात्रियों की तरफ दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे कंट्रोल रूम में बस की फोटो भेजेंगे। इससे यात्री को तुरन्त प्रभाव से आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।