गहलोत और शेखावत के गढ़ में लगे किरोड़ी लाल मीणा के पोस्टर बने चर्चा का विषय
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गढ़ में बाबा के पोस्टर चर्चा का विषय बने हैं। किरोड़ी लाल मीणा के पोस्टर शहर में लगे हैं और उन पर लिखा है कि 'प्रदेश में पहली बार कई गोदाम पर छापा मारकर लाखों रुपये की नकली खाद और बीज जब्त किए और दोषी कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। ऐसी खबरें किसानों में विश्वास जगाती है और सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है' डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा का आभार।
जोधपुर में कलेक्ट्रेट के पास लगा यह बैनर काफी दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बैनर में किरोड़ी लाल मीणा का आभार जताया गया है। जोधपुर को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गढ़ कहा जाता है साथ ही पिछले कई वर्षों से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का भी राजनीतिक वर्चस्व जोधपुर में कायम है। वहीं, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल जोधपुर से आते हैं, लेकिन जोधपुर में इन दिनों चर्चा राजस्थान सरकार के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की ज्यादा है। किरोड़ी लाल मीणा का आभार जताते हुए और नकली खाद और बीज पर कार्रवाई की प्रशंसा करते हुई यह बैनर शहर में लगे हैं।
ये भी पढ़ें-
दुष्कर्म के दो मामलों में सजा काट रहे आसाराम पुणे से लौटे जोधपुर, इलाज के लिए मिली थी जमानत
बता दें कि राजस्थान सरकार के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पिछले कई दिनों में राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में चल रही नकली खाद और बीज की फैक्ट्री पर छापेमारी की किरोड़ी लाल मीणा की इस कार्रवाई के बाद एक तरफ जहां किसान खुश है तो वहीं दूसरी तरफ खाद और बीज की नकली व्यवसाय में भय है। कहते हैं राजनीति में जिसने जनता का दिल जीत लिया और जो जनता के दिलों पर राज करता है, वहीं राजनीति में आगे बढ़ता है। तो क्या अब किरोड़ी लाल मीणा का वर्चव पश्चिमी राजस्थान में भी बढ़ रहा है और क्या बाबा ने गहलोत ओर शेखावत के गढ़ में भी जनता का दिल जीता है ये तो आने वाला वक्त बताएगा लेकिन इस पोस्टर की चर्चा जोरों पर है।