Rajasthan: हिन्दू सिंह सोढ़ा ने आग्रह किया है कि जो लोग धार्मिक उत्पीड़न का शिकार होकर भारत आए हैं, उन्हें इस आदेश से छूट दी जाए। फिलहाल सरकार की ओर से इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पाकिस्तान में धार्मिक उत्पीड़न का शिकार होकर भारत आए हिंदू पाक विस्थापितों के सामने एक बार फिर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में बसे हजारों पाक विस्थापितों को हाल ही में भारत सरकार की ओर से जारी एक आदेश ने चिंता में डाल दिया है।
विज्ञापन
कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCS) ने 23 अप्रैल को एक अहम निर्णय लेते हुए आदेश दिया कि जो पाकिस्तानी नागरिक वीजा पर भारत आए हैं, उन्हें 48 घंटे के भीतर देश छोड़ना होगा। इसके बाद बड़ी संख्या में पाक हिंदू विस्थापितों के पास जांच एजेंसियों से फोन कॉल्स आए और उनसे भारत छोड़ने को कहा गया।
इन विस्थापितों का कहना है कि वे धार्मिक उत्पीड़न के कारण पाकिस्तान छोड़कर भारत आए थे और अब उन्हें जबरन वापस भेजे जाने का खतरा सता रहा है। सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष हिंदू सिंह सोढ़ा ने बताया कि पिछले दो दिनों में उन्हें राजस्थान और गुजरात से सैकड़ों फोन कॉल्स आए हैं, जिनमें लोगों ने अपनी चिंता और पीड़ा साझा की।
इस संबंध में हिंदू सिंह सोढ़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर पाक विस्थापित हिंदुओं की स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने आग्रह किया है कि जो लोग धार्मिक उत्पीड़न का शिकार होकर भारत आए हैं, उन्हें इस आदेश से छूट दी जाए। फिलहाल सरकार की ओर से इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पाक हिंदू विस्थापितों की ओर से उम्मीद की जा रही है कि उन्हें इस संकट से जल्द राहत मिलेगी।