Jodhpur: जोधपुर के बासनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत कार्रवाई करते हुए साइबर ठगों को किराये पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता और सिम साइबर ठग को उपलब्ध कराया था।
जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की बासनी थाना पुलिस ने “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगों को किराये पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए लाखों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा करते हुए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में साइबर ठगी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमल शेखावत के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा के सुपरविजन में बासनी थानाधिकारी नितिन दवे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
संदिग्ध खातों की जांच में सामने आया बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C-MHA) से प्राप्त संदिग्ध बैंक खातों की सूची का विश्लेषण किया गया। जांच में आईडीबीआई बैंक, मरुधरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन बासनी शाखा के खाताधारक सत्यम श्रीवास्तव के खाते में तीन माह के भीतर लाखों रुपये का ट्रांजेक्शन पाया गया। साइबर पोर्टल पर जांच करने पर सामने आया कि देश के विभिन्न राज्यों में उसके खाते से जुड़ी चार साइबर शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें कुल 29.91 लाख रुपये की ठगी हुई। इनमें से 11.42 लाख रुपये सत्यम के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
विज्ञापन
कमीशन के लालच में उपलब्ध कराया खाता और सिम
पूछताछ में सत्यम श्रीवास्तव ने बताया कि उसने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता और मोबाइल सिम साइबर ठग शक्तिसिंह को उपलब्ध करवाया था। इसके बाद ठगी की रकम खाते में मंगवाकर एटीएम के जरिए निकाली जाती थी।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया
पुलिस ने सत्यम श्रीवास्तव और शक्तिसिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से शक्तिसिंह का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और साइबर ठगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।