बार-बार रिहायशी इलाके में पहुंच रहे पैंथर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देसूरी में पैंथर की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पैंथर को पकड़ने की मांग की है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
पाली के देसूरी क्षेत्र में रेबारियों की ढाणी में पूर्व सरपंच प्रवीण सोलंकी के घर में पैंथर घुस गया, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार पैंथर देर रात रिहायशी मकान के आंगन में घुस आया और काफी देर तक बेखौफ घूमता रहा। गनीमत रही कि उस समय आंगन में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में पैंथर दीवार फांदकर वापस जंगल की ओर लौट गया।
विज्ञापन
यह पहली घटना नहीं है। करीब एक महीने पहले भी इसी मकान में पैंथर घुसा था और एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना चुका है। बार-बार एक ही स्थान पर पैंथर की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब वन्यजीव रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे खतरा बढ़ गया है। खासकर पशुपालक और किसान चिंतित हैं, क्योंकि पैंथर अक्सर मवेशियों को निशाना बनाते हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाकर पैंथर को पकड़ने की मांग की है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।