गजेंद्र शेखावत और हनुमान बेनीवाल की हुई मुलाकात
- फोटो : Social Media
जोधपुर के निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दिन जोधपुर के मंडोर क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का अचानक आमना-सामना हो गया। इस औचक मुलाकात के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़ दिया। दोनों कद्दावर नेता ऐसे गर्मजोशी से गले मिले, जैसे दो मित्र मिल रहे हों।
चुनावी प्रचार के दौरान हुई मुलाकात
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल अपनी-अपनी पार्टियों के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के सिलसिले में जोधपुर पहुंचे थे। मंडोर क्षेत्र से गुजरते समय दोनों नेता अचानक आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात चंद सेकंड ही चली और इस दौरान गिने-चुने शब्दों का ही आदान-प्रदान हुआ। इस बीच, आरएलपी की एक प्रत्याशी ने केंद्रीय मंत्री शेखावत का अभिवादन किया और उनसे आशीर्वाद मांगा।
ये भी पढ़ें-
निकाय चुनाव के इतिहास की सबसे बड़ी बाड़ाबंदी की तैयारी, वोटिंग खत्म होते ही होंगे फोन स्विच ऑफ
सियासी हलकों में चर्चा का विषय
राजनीतिक हलकों में बेनीवाल और शेखावत को एक-दूसरे का धुर विरोधी माना जाता है। हाल ही में मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित करने के मुद्दे पर संसद में भी दोनों के बीच बहस देखने को मिली थी। हालांकि, चुनावी माहौल के बीच दोनों दिग्गजों की इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है और काफी सुर्खियां बटोर रहा है। गौरतलब है कि सांसद बेनीवाल ने हाल ही में भाजपा की विरोधी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी से हाथ मिलाया है। ओवैसी और बेनीवाल की पार्टियां इस निकाय चुनाव में गठबंधन के तहत एक साथ चुनावी मैदान में हैं।