कांग्रेस प्रत्याशी करण सिंह उचियारड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी करण सिंह उचियारड़ा के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को कोर्ट ने वापस ले लिया है। उचियारड़ा के वकील ने कोर्ट में एप्लीकेशन दी थी, जिसे स्वीकार करते हुए वारंट को निरस्त किया गया।
बता दें कि दो दिन पहले उचियारड़ा के खिलाफ उदयपुर एनआई सात कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसे कोर्ट ने बिना तामील के वापस मंगवा लिया है।
सुखाड़िया सर्किल पर जमीन बेचने था मामला
प्रकरण में आगामी सुनवाई 20 मई को तय की गई है। ये मामला उदयपुर के सुखाड़िया सर्किल पर जमीन बेचने से संबंधित चेक से जुड़ा है। परिवादी सुरेश कुमार रलोती ने पांच करोड़ रुपये के चेक अनादरण करने को लेकर शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसकी सुनवाई 29 फरवरी को हुई थी।
29 फरवरी को मामले में अंडर टेकिंग पेश की
पहले वारंट 16 अप्रैल को जारी किया गया था। वारंट सोशल मीडिया पर वायरल होने पर करण सिंह के वकील दुर्गा सिंह शक्तावत ने कोर्ट में प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया। कोर्ट को बताया कि इसी साल 29 फरवरी को मामले में अंडर टेकिंग पेश की गई थी।
गिरफ्तारी वारंट को किया निरस्त
कोर्ट ने आगामी पेशी 13 मई की दी, लेकिन ऑर्डर शीट पर ये तारीख 13 अप्रैल की गई। इस तारीख पर महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण अवकाश था। इसके अगले दिन रविवार था। इस कारण उन्हें 13 अप्रैल की जानकारी नहीं है। इस पर कोर्ट ने प्रार्थना पत्र स्वीकार कर जारी गिरफ्तारी वारंट को निरस्त कर दिया और पुलिस कमिश्नर जोधपुर को वारंट अदम तामील रिकॉल किया।