जोधपुर का उदय मंदिर पुलिस थाना।
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर में 17 स्टूडेंट्स को मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज़ (MES) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.67 करोड रुपये की ठगी हुई है। इस संबंध में उदय मंदिर थाने में शिकायत दर्ज हुई है। अब उदय मंदिर थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जोधपुर के भोपालगढ़ के 17 स्टूडेंट्स के साथ यह ठगी हुई और इस ठगी को उत्तरप्रदेश की एक ऑर्गेनाइज़्ड ठग गैंग ने अंजाम दिया है। कैंडिडेट्स के पास जब कोई भी ऑफर लेटर नहीं आया, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। भोपालगढ़ के नयला हाल में शिकारगढ़ में रहने वाले सुनील नायक और उसके 16 अन्य दोस्तों ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। ठगी का शिकार इन बेरोजगार युवाओं ने कहा कि उन्होंने 2021 में जोधपुर के भोपालगढ़ में कोचिंग सेंटर और फिटनेस सेंटर शुरू किया था। उत्तर प्रदेश के प्रतापनगर निवासी वरुण कुमार शुक्ला सेवर उनके संपर्क में आया। वरुण प्लेसमेंट एजेंसी चलाता है और विदेशों में भी नौकरी लगवाता है। उसने सुनील को बताया कि मिलिट्री में वैकेंसी है और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेस (एमईएस) डिपार्टमेंट में वह कई लोगों को नौकरी दिलवा चुका है। इसके 11 लाख रुपये लगेंगे। उसने सुनील को झांसे में ले लिया। अपने 16 दोस्तों को भी अपने साथ मिलाकर 1.67 करोड रुपये उन्होंने दे दिए।
वरुण से जब कॉन्टेक्ट हुआ, तो सबसे पहले पावटा स्थित अरोड़ा रेस्टोरेंट में सुनील ने वरुण को 10 लाख रुपये की पहली किस्त दी। उसके बाद वरुण शुक्ला को नवंबर 2021 में उत्तर प्रदेश जाकर 77 लाख रुपए दिए। फिर महीने के अंत में कोलकाता जाकर 10 लाख रुपए दिए। इसके बाद दिसंबर में उन्हें फिजिकल टेस्ट के नाम पर कोलकाता बुलाया गया। बकायदा फिजिकल टेस्ट भी लिया गया। 44 लाख रुपये और लिए गए। कोलकाता में वरुण शुक्ला के साथ कुछ और लोग भी मौजूद थे। इनमें नितेश रंजन, अजय, नवीन, भारद्वाज, राघवेंद्र सहित शामिल थे। कोलकाता में ही इन युवा कैंडिडेंट्स के डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन की कार्यवाही की गई। फिजिकल टेस्ट देने के बाद सभी कैंडिडेट्स वापस जोधपुर लौट आए।
50 लाख रुपए का रिटर्न चेक भी बाउंस हुआ
छह महीने गुजरने के बावजूद पीड़ितों के पास कोई कॉल लेटर नहीं पहुंचा, तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। नौकरी नहीं लगने पर बेरोजगारों ने वरुण पर दबाव बनाया, तो उन्हें 13 अक्टूबर 2022 को 50 लाख रुपये का चेक दिया गया। वह चेक बाउंस हो गया। इसके बाद से वरुण और उसके साथियों ने फोन उठाना बंद कर दिए। स्टूडेंट्स ने वरुण के खिलाफ एफआईआर कराई है।