डेजर्ट नाइट -21 युद्धाभ्यास जोधपुर एयरबेस पर पांच दिनों तक चलेगा
- फोटो : सोशल मीडिया
देश के महत्वपूर्ण जोधपुर एयरबेस पर आज यानी बुधवार से भारत-फ्रांस की एयरफोर्स का संयुक्त युद्धाभ्यास डेजर्ट नाइट-21 शुरू होने जा रहा है। यह युद्धाभ्यास पांच दिनों तक चलेगा। इसके लिए फ्रांस निर्मित फाइटर्स जेट राफेल के अलावा अन्य लड़ाकू विमान और फ्रांस के 175 वायु सैनिकों का दल आज जोधपुर पहुंचेगा। इस बार के युद्धाभ्यास में सबकी निगाह पिछले साल एयर फोर्स में शामिल किए गए राफेल पर है।
देश के किसी युद्धाभ्यास में पहली बार शामिल हो रहा राफेल
बता दें, यह पहला मौका है जब देश के किसी युद्धाभ्यास में एयरफोर्स का राफेल शामिल किया जा रहा है। इस युद्धाभ्यास को राफेल की परीक्षा के तौर पर आंका जाएगा। 20 से 24 जनवरी तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास में अन्य साजो सामान की भी जरूरत होती है, जिन्हें सबसे बड़े मालवाहक ग्लोब मास्टर से कल देर रात जोधपुर भेजा गया है। वहीं, एयरफोर्स के सुखोई व लड़ाकू हेलिकॉप्टर पहले से जोधपुर में तैनात हैं जबकि फाइटर जेट मिराज व राफेल का पहुंचना शुरू हो गया है।
एक तरह से राफेल की होगी परीक्षा
भारत और फ्रांस के बीच हर दो साल में एक बार गरुड़ युद्धाभ्यास होता है, लेकिन इस बार होने वाले डेजर्ट नाइट-21 युद्धाभ्यास को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राफेल को भारतीय पायलट्स पहली बार किसी युद्धाभ्यास में आजमाएंगे। एक तरह से भारत में किसी युद्धाभ्यास के दौरान राफेल की यह पहली परीक्षा होगी। इस युद्धाभ्यास में फ्रांस के 4 राफेल, मल्टी रोल टैंकर एयर बस ए-330, टेक्टिकल ट्रांसपोर्ट विमान ए-400 और 175 वायु सैनिक हिस्सा लेंगे। भारत से मिराज-2000, सुखोई, राफेल, फ्लाइट रिफ्यूलिंग टैंकर आईएल-78, अवाक्स सहित अन्य विमान हिस्सा लेंगे।
जोधपुर एयरबेस पर बढ़ी हलचाल
जोधपुर एयरबेस पर बीती रात से ही विमान पहुंच रहे हैं जिस कारण एयरबेस पर हलचल बढ़ गई है। एयरफोर्स सूत्रों का कहना है कि यह युद्धाभ्यास राफेल उड़ाने वाले भारतीय पायलट्स के लिए बहुत अहम साबित होगा। साल 2014 में भारत व फ्रांस वायुसेना बीच संयुक्त रूप से हुए युद्धाभ्यास गरुड़ में राफेल जोधपुर में पहले भी अपनी ताकत दिखा चुका है। उस समय राफेल और सुखोई के बीच मुकाबला हुआ था।