जोधपुर रेंज की साइक्लोनर टीम ने ऑपरेशन टटपुंजिया के तहत दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर इतने शातिर थे कि झारखंड से राजस्थान तक मादक पदार्थों की आपूर्ति में उनका कभी नाम तक सामने नहीं आया। पुलिस ने एक तस्कर को गुजरात पुलिस के हवाले किया गया है तो वहीं दूसरे को मध्यप्रदेश पुलिस के हवाले किया जा सकता है।
जोधपुर पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी के किंगपिन एवं बड़े सूत्रधार दिनेश कुमार और मांगीलाल को गिरफ्तार करने में कामयाबी प्राप्त हुई है। आरोपी दिनेश कुमार पिछले 4 वर्षों से पश्चिमी राजस्थान में डोडा पोस्त का बड़ा किंगपिन रहा लेकिन कभी पकड़ा नहीं गया। आरोपी मांगीलाल गुजरात राज्य में 28 क्विंटल डोडा पोस्त के मामले में फरार चल रहा था, जबकि दिनेश करवट थाने में 2 साल वांछित चल रहा था।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: महाराजा सूरजमल बृज विवि के कुलपति रमेश चंद्र को राज्यपाल ने किया निलंबित, लगे कई गंभीर आरोप
एनसीबी नीमच, मध्यप्रदेश में भी एक मामले में दिनेश की गिरफ्तारी शेष है। दिनेश इतना शातिर था कि पिछले 4 साल से नशे के कारोबार में कभी अपना नाम तक आने नहीं दिया और तमाम सबूत सामने नहीं आने दिए और अब तक मात्र तीन प्रकरणों में ही वांछित रहा। वह पहले अपनी शौक-मौज के लिए इस इस धंधे में पड़ा और फिर छोटे से बड़ा व्यापारी बन गया। मादक पदार्थों की बड़ी खेप झारखंड से मंगवाकर सीधे पंजाब के तस्करों को आपूर्ति कर देता था। उसने बाप कस्बे के पास एक होटल शुरू की और यहीं से पंजाब डोडा पोस्त सप्लाई शुरू की। चूंकी यह लोकल लोगों को माल सप्लाई नहीं करता था इसलिए पुलिस की भी नजर इस पर नहीं पड़ी।
मांगीलाल भी बीएसटीसी के बाद रीट की तैयारी की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी घर के खर्चे महंगे शौक पूरे करने के लिए डोडा पोस्त का काम शुरू किया लोकल तस्करों से डोडा पोस्त लेकर गांव में सप्लाई करके बड़ा तस्कर बन गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों तस्करों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।