फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jodhpur Crime: पत्थरों से वार, फिर दबाया गला... 6 घंटे में पकड़े गए हत्यारे, गांव भागने की थी तैयारी

Mon, 10 Aug 2026 09:47 AM IST
जोधपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर

सार

जोधपुर के बासनी थाना क्षेत्र की श्रमिक कॉलोनी में युवक धर्मेंद्र कुमार सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में बिहार के भोजपुर निवासी चंदन कुमार और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी गोविंदा कुमार को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जोधपुर के बासनी थाना क्षेत्र की श्रमिक कॉलोनी में हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शराब के नशे में थे और मामूली कहासुनी के बाद युवक पर पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपने गांव भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की फील्ड इंटेलिजेंस और त्वरित कार्रवाई के चलते उन्हें समय रहते पकड़ लिया गया।

विज्ञापन

श्रमिक कॉलोनी में मिला युवक का शव

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे बासनी की श्रमिक कॉलोनी में छाजेड फैब्रिक्स फैक्ट्री के सामने एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव के चेहरे पर चोट के निशान और खून लगा हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार सिंह (40) निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटाए।

परिजनों ने दो युवकों पर जताया संदेह

मृतक के परिजनों ने चंदन कुमार और गोविंदा कुमार पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के रास्तों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने श्रमिक कॉलोनियों और आसपास की फैक्ट्रियों में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

फील्ड इंटेलिजेंस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मानवीय एवं फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार (19) निवासी भोजपुर, बिहार और गोविंदा कुमार (22) निवासी गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जोधपुर में मजदूरी करते थे।

शराब के नशे में हुआ था विवाद

पूछताछ में पुलिस के सामने वारदात की पूरी कहानी सामने आई। पुलिस के अनुसार, मृतक धर्मेंद्र कुमार सिंह और दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने धर्मेंद्र के सिर पर पत्थरों से वार किया। इसके बाद उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपने कमरे पर चले गए और सो गए।

गांव भागने की तैयारी में थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना का पता चलने के बाद दोनों आरोपियों को अंदेशा हो गया था कि पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इसके बाद वे अपने-अपने गांव भागने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, पुलिस की टीम ने समय रहते दोनों को डिटेन कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल किए गए पत्थर और अन्य साक्ष्यों को कहां से बरामद किया जा सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें