जैसलमेर के लोगों को भी अब एक क्लिक पर थाने में दर्ज संबंधित मामले की पूरी जानकारी मिल सकेगी। इसके लिए यहां 15 पुलिस थानों को ऑनलाइन किया गया है। क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम के तहत अब लोग आॅनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ ही अपनी शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई का भी अपडेट ले सकेंगे।
पुलिस के अनुसार इसके अॉनलाइन होने के बाद लोगों को अब ये शिकायत नहीं रहेगी कि पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही। साथ ही अपराधियों के रिकॉर्ड की जानकारी भी आॅनलाइन पर दर्ज रहेगी। जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली, महिला थाना, सदर थाना, सांगड़ थाना, रामगढ़ थाना, खुहड़ी थाना, सम थाना, पोकरण थाना, सांकड़ा थाना, फलसूंड थाना, रामदेवरा थाना, लाठी थाना, नाचना थाना, मोहनगढ़ थाना व नोख थाना को ऑनलाइन किया गया है।
वहीं, सीमावर्ती क्षेत्र में नेटवर्क नहीं होने के कारण शाहगढ़ व झिनझिनयाली थाना को सिस्टम के तहत ऑनलाइन नहीं किया जा सका है।