जोधपुर में नर्स ने चिकित्सा मंत्री से लगाई मदद की गुहर
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान के जोधपुर में शनिवार को एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब अपनी तबादले की मांग को लेकर परेशान एक महिला नर्सिंगकर्मी चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के सामने फूट-फूटकर रोने लगी। इतना ही नहीं, अपनी बात रखते हुए वह मंत्री के पैरों में गिर पड़ी और मदद की गुहार लगाने लगी। इस दौरान मौजूद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महिला को संभाला और उसे आश्वस्त किया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर में विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं के उद्घाटन कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों नेता महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) भी पहुंचे, जहां कई स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया गया।
ज्ञापन सौंपते ही भावुक हो गई नर्सिंगकर्मी
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मंत्रीगण अस्पताल परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी एक महिला नर्सिंगकर्मी ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या बताई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अपने गृह जिले में तबादले की मांग कर रही थी, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। मौका मिलने पर उसने चिकित्सा मंत्री को अपनी पूरी व्यथा सुनाई। बातचीत के दौरान वह भावुक हो गई और रोते-रोते मंत्री के पैरों में गिर पड़ी। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालने का प्रयास किया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने संभाला
घटना के दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महिला को उठाया और शांत रहने के लिए कहा। उन्होंने उसकी बात सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिकित्सा मंत्री ने भी महिला से उसकी मांग और उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी मांगी तथा मामले को देखने का भरोसा दिलाया।
ये भी पढ़ें-
Yoga Day: सीएम भजनलाल ने माउंट आबू में किया योग, बोले- स्वस्थ जीवन के लिए योग को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। कुछ ही समय में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे कर्मचारी की मजबूरी बता रहा है तो कोई सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है।
फिलहाल, इस घटना ने सरकारी कर्मचारियों की स्थानांतरण संबंधी समस्याओं और उनकी परेशानियों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।