जोधपुर डिस्कॉम मार्च में बकाया बिजली बिल नहीं चुकाने वाले सरकारी विभागों की बत्ती गुल करेगा। डिस्कॉम की ओर से इसके लिए मार्च महीने में एमनेस्टी स्कीम लागू की जाएगी। यह स्कीम सभी सरकारी विभागों के लिए होगी जिसके तहत बकाया बिल चुकाने वाले विभागों की बकाया राशि पर लागू पूर्ण एलपीएस माफ कर दिया जाएगा।
बकाया राशि वसूल करने का पूर्ण जिम्मा डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों को दिया गया। इसके तहत अधिकारियों ने सभी अधीक्षण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द शत प्रतिशत राजस्व वसूली में लग जाएं। सारे काम की उच्च अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
विद्युत वितरण निगमों के अध्यक्ष श्रीमत पांडे ने अभियंताओं से इस सम्बंध में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर जोन के मुख्य अभियंता अविनाश सिंघवी ने बताया कि जिनके बिजली का बिल बकाया है उन्हें नोटिस दिए जाएंगे। फिर भी यदि बकाया राशि जमा नहीं कराई जाती है तो बिजली के कनेक्शन काटेंगे।