दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में केंद्र सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। अब आवेदकों की मेडिकल जांच नए निर्धारित मापदंडों के आधार पर होगी और इन्हीं के अनुसार दिव्यांगता का प्रतिशत तय किया जाएगा। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने नई गाइडलाइन जारी की है। यह मार्च 2024 में जारी पुराने दिशा-निर्देशों की जगह लेगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य दिव्यांगता का आकलन अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और एकरूप तरीके से करना है।
आठ श्रेणियों में बांटी गई दिव्यांगता
नई गाइडलाइन के तहत दिव्यांगता को आठ मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इनमें चलने-फिरने में परेशानी, दृष्टिबाधितता, सुनने और बोलने में कठिनाई तथा पढ़ने-लिखने से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। इसके अलावा बौद्धिक दिव्यांगता एवं ऑटिज्म, मानसिक बीमारी, खून से संबंधित बीमारियों और एक से अधिक दिव्यांगता के साथ तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों को भी वर्गीकरण में जगह दी गई है।
हर श्रेणी के लिए विशेष मापदंड निर्धारित किए गए हैं, ताकि आवेदक की स्थिति का सही तरीके से मूल्यांकन किया जा सके और दिव्यांगता का प्रतिशत तय करने में स्पष्टता रहे।
हाथ-पैर कटने से लेकर पार्किंसन तक का होगा आकलन
नई व्यवस्था में कई शारीरिक समस्याओं और बीमारियों के मूल्यांकन के लिए भी निर्धारित मानकों का पालन किया जाएगा। इनमें हाथ या पैर का कटना, रीढ़ की हड्डी में चोट, पैरों में टेढ़ापन, कुष्ठ रोग, बौनापन, मांसपेशियों की कमजोरी और जोड़ों से जुड़ी गंभीर परेशानियां शामिल हैं।
इसके अलावा स्ट्रोक, पार्किंसन, सेरेब्रल पाल्सी और मिर्गी जैसी स्थितियों से प्रभावित लोगों की दिव्यांगता का प्रतिशत भी मेडिकल जांच के आधार पर तय किया जाएगा। इससे बीमारी या शारीरिक समस्या के कारण व्यक्ति की कार्यक्षमता पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया जा सकेगा।
मेडिकल बोर्ड तय करेगा दिव्यांगता का प्रतिशत
जिलों में राज्य सरकार की ओर से अधिकृत मेडिकल अधिकारी और मेडिकल बोर्ड आवेदकों की शारीरिक स्थिति और संबंधित बीमारी की विस्तृत जांच करेंगे। इसके बाद निर्धारित मापदंडों के अनुसार दिव्यांगता का प्रतिशत तय कर प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
ग्रामीण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र चारण के अनुसार, नए मेडिकल मानक लागू होने से दिव्यांगता का वैज्ञानिक और निष्पक्ष आकलन संभव हो सकेगा। इससे प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में एकरूपता और स्पष्टता आएगी।
सरकारी योजनाओं और आरक्षण का लाभ लेने में होगी सहूलियत
नई व्यवस्था से दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी। इससे पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, आरक्षण और अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी। ओसियां सहित पूरे जोधपुर जिले के दिव्यांगजनों को भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप प्रमाण पत्र बनवाने में मदद मिलेगी।