शेरगढ़ इलाके में स्थित भूंगरा मेगा हाईवे पर बीती रात भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित बोलेरो कैंपर गाड़ी ने तीन श्रद्धालुओं को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। ये श्रद्धालु बाबा रामदेव के दर्शन करने के लिए पैदल ही रामदेवरा जा रहे थे। पुलिस ने तीनों श्रद्धालुओं के शवों को शेरगढ़ अस्पताल के शवगृह में रखवाया है।
बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पैदल निकले थे पांच जातरू
तेना-नाथासर गांव से बीती रात करीब 10 बजे पांच जातरू बाबा रामदेव के दर्शन करने के लिए पैदल रवाना हुए थे। अपने गांव से पैदल रवाना होकर जब वे लगभग 10 किलोमीटर दूर भूंगरा मेगा हाईवे पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो कैंपर गाड़ी ने तीन श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासी बिशन सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को शेरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलते ही शेरगढ़ थाना अधिकारी खेताराम सियोल और सहायक उपनिरीक्षक रूगाराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।
जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की पहचान नाथासर निवासी महेश पुत्र चंद्राराम, अंबाराम पुत्र कुंभाराम और भानाराम पुत्र अनोपाराम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
शवगृह के बाहर जुटी ग्रामीणों और परिजनों की भीड़
बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण शेरगढ़ अस्पताल पहुंचे, जिससे शवगृह के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। पुलिस ने हादसे में शामिल बोलेरो कैंपर गाड़ी को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और वाहन चालक की स्थिति क्या थी, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।