जोधपुर सेंट्रल जेल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला जेल के भीतर कैदियों के बीच हुई मारपीट का है। आरोप है कि बैरक के बाहर रखी मटकी से पानी पीने को लेकर हुए विवाद में तीन कैदियों ने एक बंदी के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर रातानाडा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद कैदी रावताराम ने आरोप लगाया कि उसकी बैरक के बाहर रखी मटकी से कुछ कैदी बार-बार पानी पी रहे थे। इस पर उसने उन्हें मना करते हुए अपनी-अपनी बैरक के बाहर रखी मटकी से पानी पीने के लिए कहा, क्योंकि उसे मटकी बार-बार भरनी पड़ती थी।
ये भी पढ़ें: Jhalawar Newsr: सोयाबीन कटाई से पहले धधक उठीं लोहारों की भट्टियां, हस्तनिर्मित दरांतियों की मांग बढ़ी
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इमरान सहित तीन कैदियों ने रावताराम के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित कैदी ने जेल प्रशासन के माध्यम से रातानाडा थाने में रिपोर्ट भेजी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच हेड कांस्टेबल जुगल किशोर को सौंपी गई है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जोधपुर सेंट्रल जेल पहले भी मोबाइल फोन, प्रतिबंधित सामग्री मिलने और अन्य घटनाओं को लेकर चर्चा में रही है। अब कैदियों के बीच मारपीट की इस घटना ने जेल की सुरक्षा और आंतरिक व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।