सार
1 सितंबर से जोधपुर हवाई अड्डे से दिल्ली और मुंबई की उड़ानों का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस संभालेगी। एयर इंडिया ने इन मार्गों की बुकिंग बंद कर दी है। मुंबई की नई उड़ान शाम 5:35 बजे रवाना होगी, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
जोधपुर हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा फेरबदल हुआ है। 1 सितंबर से एयर इंडिया की जोधपुर-दिल्ली और जोधपुर-मुंबई उड़ानों का परिचालन बंद हो जाएगा। इन दोनों मार्गों पर अब एयर इंडिया एक्सप्रेस अपने विमानों का संचालन संभालेगी। एयर इंडिया ने 1 सितंबर से बुकिंग बंद कर दी है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दोनों शहरों के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के नए शेड्यूल में सबसे बड़ा बदलाव मुंबई जाने वाले विमान के समय में किया गया है। अब जोधपुर से मुंबई के लिए शाम 5:35 बजे उड़ान रवाना होगी, जिससे दिनभर शहर में कार्य निपटाकर शाम को मुंबई जाने वालों को सुविधा मिलेगी। इससे पहले एयर इंडिया की मुंबई उड़ान दोपहर 1:25 बजे रवाना होकर 3:10 बजे पहुंचती थी। वहीं दिल्ली की उड़ान दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर शाम 4:55 बजे पहुंचती थी। शहर से एयर इंडिया एक्सप्रेस के अलावा इंडिगो भी विमान सेवाएं दे रही है। जोधपुर से वर्तमान में दिल्ली, मुंबई, नोएडा, पुणे, बेंगलुरू, हैदराबाद और अहमदाबाद सहित सात शहरों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है।
पढ़ें: जिस सेंटर पर NEET PG की परीक्षा रद्द हुई, उसी सेंटर पर AIIMS CRE-5 के एग्जाम को लेकर बवाल; वजह क्या?
नए टर्मिनल की क्षमता
प्रधानमंत्री ने 4 जुलाई को जोधपुर हवाई अड्डे के जिस नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया था, वहां से 12 जुलाई से नियमित विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं। 480 करोड़ रुपये की लागत से 37 एकड़ क्षेत्र में बना यह नया टर्मिनल पुराने भवन से छह गुना बड़ा है। यात्रियों की सहूलियत के लिए इसमें छह एयरोब्रिज, 20 चेक-इन काउंटर और तीन कन्वेयर बेल्ट तैयार किए गए हैं। नए एप्रन क्षेत्र में एक साथ 11 एयरबस ए321 तथा एक एटीआर-72 विमान खड़े करने की क्षमता है। वर्ष 2014 की तुलना में अब यहां यात्रियों की संख्या और विमानों की आवाजाही में दस गुना से अधिक वृद्धि हुई है।