आरोपी पत्नी तथा उसका कथित प्रेमी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
झुंझुनूं जिले में आत्महत्या के लिए उकसाने के एक गंभीर प्रकरण में सदर थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत (RPS) एवं वृत्ताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका (RPS) के सुपरविजन में थाना प्रभारी मांगीलाल के नेतृत्व में की गई।
सुसाइड नोट से खुलासा, पत्नी और प्रेमी पर लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई 2025 को ग्राम अजाड़ी खुर्द निवासी शीशराम सहारण ने पुलिस थाना सदर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पुत्र रणदीप सहारण ने 1 जुलाई 2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में रणदीप ने अपनी पत्नी मीना कुमारी, निवासी नूनिया गोढड़ा और उसके कथित प्रेमी कपिल, निवासी औजटू को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
मानसिक प्रताड़ना और धमकियों का आरोप
सुसाइड नोट में उल्लेख किया गया कि पिछले कई महीनों से दोनों आरोपी रणदीप को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। रणदीप ने लिखा कि उसकी पत्नी मीना ने अपने प्रेमी कपिल के कहने पर उसे झूठे दहेज के मामले में फंसाने और कपिल से मरवाने की धमकियां दी थीं। नोट में उसने दोनों आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग भी की थी।
यह भी पढ़ें- Sikar News: नौकरी देने के नाम पर युवती से दरिंदगी, आरोपी ने अश्लील वीडियो वायरल करने की दी धमकी
अनुसंधान के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए विस्तृत अनुसंधान शुरू किया। जांच में दोनों आरोपियों की भूमिका प्रमाणित पाए जाने पर उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आरोपी कपिल (32), पुत्र कुरड़ाराम, निवासी धतरवाला का बास, औजटू तथा आरोपी मीना (32), पुत्री विक्रम सिंह, निवासी नूनिया गोढड़ा को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और आगे की जांच
पुलिस के अनुसार आरोपी कपिल के खिलाफ पूर्व में दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि मीना का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। सदर थाना पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।