Jhunjhunu News: झुंझुनूं में विवाहिता सबीना की संदिग्ध मौत पर पीहर पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, मोर्चरी के बाहर दोनों पक्षों में मारपीट की घटना हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी।
झुंझुनूं जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, रविवार सुबह मोर्चरी के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई।
विज्ञापन
घटना धनूरी थाना क्षेत्र के कोलिंडा गांव की है। मृतका सबीना उर्फ सोनू (24) की शादी करीब ढाई साल पहले इकरार खान से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
बताया जा रहा है कि मृतका का पति इकरार खान भारतीय सेना की 16 ग्रेनेडियर्स यूनिट में तैनात है और इन दिनों कुपवाड़ा में पोस्टेड है। घटना से कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आया था। पीहर पक्ष का कहना है कि सबीना की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही धनूरी थाना पुलिस और डिप्टी हरि सिंह धायल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मलसीसर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। इसी दौरान कहासुनी बढ़कर झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में किया।
पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए पीहर पक्ष को सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।