झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ कस्बे के स्यालू खुर्द गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सोमवार को हिंसक टकराव में तब्दील हो गया। इस विवाद ने तब गंभीर मोड़ ले लिया जब भारतीय नौसेना में कमांडर पद पर तैनात महेंद्र सिंह भालोठिया ने अपने भाइयों के साथ मिलकर अपने ही भाई की पत्नी संतोष देवी पर हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल संतोष देवी की जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुश्तैनी जमीन बंटवारे के बाद बढ़ा विवाद
गांव के चार भाई रघुवीर, दाताराम, निहाल सिंह और महेंद्र सिंह आपसी सहमति से पुश्तैनी जमीन का बंटवारा कर चुके थे। हाल ही में निहाल सिंह ने अपने हिस्से की जमीन जाखोद ग्राम पंचायत निवासी सज्जन कुमार को बेच दी थी, जिससे बाकी भाइयों में नाराजगी फैल गई। इस बिक्री से विशेष रूप से नेवी कमांडर महेंद्र सिंह भड़क गया। सोमवार को जब खरीदार सज्जन कुमार गांव आया तो महेंद्र सिंह, उसका भाई दाताराम, बेटा पवन और अन्य परिजनों ने उससे विवाद शुरू कर दिया।