धनूरी क्षेत्र के हमीरी कलां में घर में सो रहे मां-बेटे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। हमले में बेटे की मौत हो गई, जबकि मां जख्मी है। सुबह पड़ोसियों को पता चला तो महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार सोते सयम मां-बेटे पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें 25 वर्षीय अजय की मौत हो गई और उसकी मां माया गंभीर रूप से घायल हो गई। माया को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। परिजनों ने गांव के पवन और उसके साथियों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक अजय के बड़े भाई दिनेश ने बताया कि आठ-दस दिन पहले गांव में चोरी की वारदात हुई थी। पूछताछ के लिए पुलिस छोटे भाई अजय को लेकर गई तो अजय ने गांव के ही पवन का नाम पुलिस बताया था। ये जानकारी पवन को लग गई। उसने अजय को थाने से बाहर आने के बाद देख लेने की धमकी दी थी। दिनेश ने पवन और उसके साथी पर हत्या का शक जताया है।
अपने घर के आंगन में चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। आंगन में खून बह रहा था। सुबह करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला को अपने घर की छत से दोनों आंगन में पड़े नजर आए। आंगन में खून बहता देख उसने अपने परिवार के लोगों को जानकारी दी। इस पर आसपास के लोग वहां इकठ्ठा हो गए। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो मां-बेटे चारपाई पर पड़े हुए थे। बेटे की मौत हो चुकी थी, मां की सांस चल रही थी। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर माया देवी को झुंझुनू के बीडीके अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालात में जयपुर रेफर कर दिया।