झुंझुनू शहर में कलेक्टर के बंगले के पास स्थित जी.लाल पेट्रोल पंप पर आग की सूचना से लोगों के बीच हड़कंप मच गया लेकिन पुलिस और प्रशासन के अधिकारी व टीमों के पहुंचने पर पता चला कि यह सिर्फ एक मॉक ड्रिल थी। दरअसल पिछले डेढ़ दशक से आपदा प्रबंधन को चैक करने के लिहाज से जितनी भी मॉक ड्रिल की गई है, वे सभी बाकरा के गैस प्लांट में की गई थीं, ऐसे में एक बार तो सभी ने इसे हादसा ही समझा और अपने संसाधनों के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे लेकिन पंप पर पहुंचे तो माजरा अलग नजर आया।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह 11 बजे पेट्रोल पंप से पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया गया कि उनके पेट्रोल पंप पर आग लग गई है। सूचना के पांच-छह मिनट के भीतर सीओ सिटी वीरेंद्र शर्मा वहां पहुंचे, इसके बाद एसपी राजर्षि राज वर्मा, फायर ब्रिगेड की टीम और कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस जाप्ता पंप पर पहुंचा।