झुंझुनूं जिले की खेतड़ी पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
थानाधिकारी बनवारी लाल यादव ने बताया, 16 मार्च को बंधा की ढाणी निवासी धनपत सिंह उर्फ सोनू सिंह ने रिपोर्ट दी कि 15 मार्च की रात करीब नौ बजे वह अपने दोस्त जितेंद्र, अशोक को पपूरना गाड़ी से छोड़कर वापस अपने गांव आ रहा था। इस दौरान जैसे ही वह गांव के पुलिया के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही गाड़ी में सवार संजय गुर्जर उर्फ बच्चियां, कुलदीप, गजेंद्र सिंह, निखिलेश गुर्जर आए ओर उसकी गाड़ी को टक्कर मारी।
इस दौरान गजेंद्र व कुलदीप ने गाड़ी से बैठे ही बंदूक से फायर किया तो वह बाल-बाल बच गया। आरोपी निखिलेश ने उसकी गाड़ी से जबरदस्ती तीन हजार रुपये निकाल लिए गए और जान से मारने की नियत से टक्कर मारकर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। एसपी के निर्देश पर गठित टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान सूचना मिली की संजय उर्फ बचिया पुत्र गजेंद्र सिंह निवासी बंधा की ढाणी तन पपुरना हरड़िया के पास आया हुआ है, जिस पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 16 मामले...
थानाधिकारी ने बताया कि संजय उर्फ बचिया खेतड़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ खेतड़ी व खेतड़ी नगर थानों में आर्म्स एक्ट, लूट, मारपीट, जानलेवा हमला करने के 16 मामले दर्ज हैं। इस दौरान टीम में थानाधिकारी बनवारी लाल यादव, एएसआई देवेंद्र सिंह, एचसी राजकुमार, कांस्टेबल राकेश कुमार मोडसरा, राजवीर आदि शामिल थे।