झुंझुनू जिले की सदर थाना पुलिस ने पांच सौ रुपये के नकली नोट जब्त किए। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर नकली नोटों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी नकली नोटों को मेले में चलाने के लिए ले जा रहा था। काफी समय से जाली नोट का इस्तेमाल कर रहा था। पहले भी झुंझुनू के बाजार में जाली नोट चलाए थे।
थानाधिकारी महेन्द्र कुमार मीणा ने बताया, सोमवार को सूचना मिली की बाकरा से उदावास जाने वाले कच्चे रास्ते पर बाकरा निवासी केसर देव पुत्र रामेश्वर लाल नकली नोट चलाने के लिए बाजार जा रहा है। आरोपी के पास काफी संख्या में नकली नोट है। सूचना पर टीम के साथ बाकरा से उदावास जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंचे तो एक व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की तो आरोपी घबरा गया। मौके पर जेब की तलाशी लेने पर 500-500 के 10 जाली नोट मिले।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास एक ही सीरीज के कई नोट थे। सभी नोट को जब्त कर लिया। आरोपी ने इन नकली नोटों को झुंझुनू के बाजार और बाकरा के मेले में चलाए थे। आरोपी नकली नोट कहां से लेकर आया था और कहां-कहां इस्तेमाल किए, इन सब के बारे में पूछताछ की जा रही है।