झालावाड़ के युवक ने ज्वालामुखी मंदिर में लगाई फांसी
- फोटो : Social Media
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर परिसर में राजस्थान के झालावाड़ निवासी एक युवक ने खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने इलाज के दौरान डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा में दम तोड़ दिया। पारिवारिक मनमुटाव के कारण दो वर्ष से लापता इस युवक की मौत के बाद पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
श्रद्धालुओं और कर्मचारियों में अफरातफरी
हिमाचल के देहरा पुलिस मंडल के अंतर्गत आने वाले ज्वालामुखी मंदिर के गर्भगृह के बाहर गुरुवार शाम करीब सात बजे यह घटना हुई। झालावाड़ बस स्टैंड क्षेत्र के निवासी गजानंद के पुत्र रामदास ने अचानक खुद को आग लगा ली। मंदिर परिसर में आग की लपटें उठते ही दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद मंदिर कर्मियों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक रामदास गंभीर रूप से झुलस चुका था। घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस चालक संजय और स्वास्थ्यकर्मी विवेक शर्मा गंभीर हालत में युवक को नागरिक अस्पताल ज्वालामुखी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पेट्रोल लेकर मंदिर के अंदर कैसे पहुंचा
अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस कर्मियों को युवक ने बताया कि वह अकेले ही मां ज्वालामुखी के दर्शन करने आया था। अत्यधिक झुलस जाने के कारण उसकी जुबान लड़खड़ा रही थी, फिर भी वह अपना नाम और पता बताने का प्रयास कर रहा था। इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। देहरा के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। पुलिस जांच कर रही है कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच युवक पेट्रोल लेकर मंदिर के अंदर कैसे पहुंचा और उसने इतना घातक कदम क्यों उठाया।
ये भी पढ़ें-
भजनलाल शर्मा के गढ़ भरतपुर में बड़ा सियासी उलटफेर: निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया; भाजपा का मेयर तय
पारिवारिक मनमुटाव से दो वर्ष से था लापता
मृतक के चाचा प्रहलाद ने बताया कि रामदास वर्ष 2024 में पारिवारिक कलह के चलते झालावाड़ स्थित घर से लापता हो गया था। परिजन लगातार दो वर्ष से उसे तलाश रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। उसका मोबाइल फोन भी अक्सर बंद या व्यस्त रहता था। रामदास का विवाह रायपुर निवासी सलोनी से हुआ था। सलोनी झालावाड़ नगर परिषद में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनका 12 वर्षीय पुत्र रुद्र है, जबकि उनकी एक बेटी का पूर्व में ही निधन हो चुका है। देर रात झालावाड़ कोतवाली पुलिस के माध्यम से परिजनों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं।