अवैध कब्जा कर बनाया ढाबा ध्वस्त
- फोटो : अमर उजाला
झालावाड़ जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार सुबह वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-52 पर पचोला के पास स्थित एक अवैध ढाबे को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह ढाबा खेड़ी पचोला निवासी भंवरलाल पुत्र गोपीलाल द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिस पर ढाबे की आड़ में लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप हैं।
वन भूमि पर कर रखा था अवैध कब्जा
प्रशासन के अनुसार, आरोपी ने अकलेरा रेंज की बेशकीमती वन भूमि पर अवैध कब्जा कर ढाबे का निर्माण कर रखा था। वन विभाग द्वारा पूर्व में अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय में अवैध निर्माण नहीं हटाने पर शनिवार को कार्रवाई अमल में लाई गई। अल सुबह से ही पचोला क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस का भारी जाब्ता तैनात रहा।
अधिकारियों की मौजूदगी में चला बुलडोजर
कार्रवाई एसीएफ मुकेश सहजवानी के निर्देशन में क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेंद्र मीणा तथा अकलेरा, असनावर और गश्ती दल के स्टाफ की मौजूदगी में की गई। वहीं, अकलेरा डीवाईएसपी बृजेश कुमार और थाना घाटोली प्रभारी अजय शर्मा भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
पहले भी पकड़ा जा चुका है अवैध मादक पदार्थ
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त ढाबे पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर 17.290 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और 106 ग्राम अफीम बरामद की थी। मामले में ढाबा संचालक भंवरलाल मीणा सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
ये भी पढ़ें:
राजस्थान में बड़ा फूड सेफ्टी एक्शन: बीकाजी समेत कई ब्रांड्स के खाद्य पदार्थ अनसेफ, 4 प्रोडक्ट बैन
ट्रक चालकों और युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना
प्रशासन का कहना है कि आरोपी ट्रक चालकों और राहगीरों को अवैध मादक पदार्थ बेचकर युवाओं के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था। जिले में नशा तस्करी और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।