राजस्थान के झालावाड़ में एसीबी ने सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे निरीक्षक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मेडिकल फर्म के बकाया भुगतान के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। मेडिकल फर्म के करीब 15.32 लाख रुपये बकाया थे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सहकारी समितियों के निरीक्षक मस्तराम मीणा को एसीबी ने आज शुक्रवार को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक मेडिकल फर्म के बकाया भुगतान के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी की टीम ने परिवादी की शिकायत के बाद पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
विज्ञापन
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि झालरापाटन स्थित गुरुकृपा मेडीकोज की ओर से झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता भंडार में दवाइयों की सप्लाई की गई थी। इसके करीब 15.32 लाख रुपए बकाया चल रहे थे। परिवादी ने 12 नवंबर को एसीबी चौकी झालावाड़ में शिकायत देकर बताया कि बकाया भुगतान में से 9.19 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर करने के बदले महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मस्तराम मीणा रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत के बाद एसीबी ने 12 नवंबर को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन करवाया। इसमें आरोपी की ओर से बकाया भुगतान की राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर दिए तथा शेष 4.19 लाख रुपए का चेक एक-दो दिन में जारी करने का आश्वासन दिया। आरोपी ने परिवादी से 25 हजार रुपए अगले दिन देने और शेष राशि चेक पास होने के बाद देने पर सहमति जताई थी।
15 हजार रुपए लेते ही दबोचा
परिवादी की ओर से 15 हजार रुपए की व्यवस्था किए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। एसीबी कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी झालावाड़ के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने आरोपी मस्तराम मीणा को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।