जालोर : स्कूटी समेत पुलिया से गिरे पिता-बेटी, 10 फीट नीचे गिरने से बुजुर्ग की मौत
राजस्थान के जालोर जिले में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे सांकरणा पुलिया पर एक हृदयविदारक दुर्घटना सामने आई। ऐलाना गांव निवासी कानाराम (65) पुत्र प्रभुराम सैन अपनी बेटी रेखा देवी और उसके दो बच्चों को स्कूटी से सांकरणा गांव स्थित ससुराल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिया पार करते समय संतुलन बिगड़ने से वे स्कूटी समेत नीचे गिर गए।
मृतक के नाती का होना था ढूंढ कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि रेखा के छोटे बेटे का ढूंढ कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह अपने ससुराल जा रही थी और उनके पिता कानाराम उसे छोड़ने के लिए साथ जा रहे थे। पुलिया पर चढ़ते समय अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों करीब 10 फीट नीचे नदी की ओर गिर पड़े। पुलिया के पास बनी रपट पर गिरने से कानाराम और उनकी बेटी को गंभीर चोटें आईं।
चिकित्सकों ने कानाराम को घोषित किया मृत
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को जालोर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कानाराम को मृत घोषित कर दिया। बेटी रेखा को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। दोनों बच्चों को इस हादसे में किसी प्रकार की चोट नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़ें:
करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, लगाया हत्या का आरोप
मृतका के बेटी ने क्या बताया?
रेखा ने बताया कि वह अपने छोटे बेटे के ढूंढ महोत्सव में शामिल होने के लिए ससुराल जा रही थी। उनके पिता उसे सुरक्षित पहुंचाने के उद्देश्य से साथ चल रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।