जिले के चितलवाना थाना क्षेत्र के सिवाड़ा गांव में दुकान के बोर्ड को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पिता-पुत्र ने एक युवक पर लोहे के दंतालिये से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात रैफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चितलवाना थाना पुलिस के अनुसार रणोदर निवासी केसरीमल विश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 4 जुलाई की सुबह करीब 10:30 बजे उनके पुत्र मनोज को पता चला कि एक दिन पहले आई तेज आंधी के कारण उनकी दुकान का बोर्ड टूटकर पास की दुकान के सामने गिर गया था। इसी बोर्ड को हटाने की बात को लेकर पड़ोसी दुकानदार अर्जुन और उसके पिता किशनाराम के साथ कहासुनी हो गई। शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ने पर अर्जुन ने मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका पिता किशनाराम लोहे का दंतालिया लेकर मौके पर पहुंचा और मनोज के सिर पर वार कर दिया। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
ये भी पढ़ें: Jaipur News : जयपुर में रेड बुल एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर छापा, 53 हजार से ज्यादा कैन सीज
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को सांचौर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गुजरात रैफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक का उपचार आईसीयू में चल रहा है और वह अभी बेहोशी की हालत में है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर चितलवाना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।