मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और लोग
- फोटो : अमर उजाला
जालौर के आहोर क्षेत्र के भाद्राजून थाना अंतर्गत सेलड़ी गांव में शनिवार को छपरे में अचानक आग लगने से 65 वर्षीय मोरकी देवी सहित दो बच्चे झुलस गए। चाय बनाते समय हवा के झोंके से पास रखे सूखे चारे में आग भड़कने की बात सामने आई है। तीनों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद हालत को देखते हुए जोधपुर रेफर किया गया।
हवा के झोंके से सूखे चारे में भड़की आग
आहोर क्षेत्र के भाद्राजून थाना अंतर्गत सेलड़ी गांव में शनिवार को अचानक आग लगने से छपरे में मौजूद मां सहित दो बच्चे झुलस गए। हादसे में 65 वर्षीय मोरकी देवी, 4 वर्षीय रामचंद्र और 6 वर्षीय गांधीराम आग की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
देखते ही देखते पूरे छपरे में फैल गई आग
जानकारी के अनुसार छपरे में चाय बनाते समय अचानक हवा का झोंका आया। इसी दौरान पास में रखा सूखा चारा आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरे छपरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों की चपेट में आने से मोरकी देवी और दोनों बच्चे झुलस गए।
कपड़े और घरेलू सामान भी जलकर राख
आग लगने के दौरान छपरे में रखा कपड़ा और घरेलू सामान भी जलकर राख हो गए। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने झुलसे तीनों लोगों को तत्काल उपचार के लिए भाद्राजून सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों जोधपुर रेफर
सीएचसी में चिकित्सकों ने मोरकी देवी, रामचंद्र और गांधीराम का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों को आगे के उपचार के लिए जोधपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जोधपुर लेकर रवाना हुए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर भाद्राजून थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चाय बनाते समय हवा के कारण पास रखे सूखे चारे में आग भड़कने से यह हादसा हुआ। आग से छप्पर और उसमें रखा घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने घटना को लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई है।