जैसलमेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। गफूर भट्टा इलाके में तेज रफ्तार से आ रही एक इको वैन ने सड़क किनारे पैदल जा रही तीन सगी बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतका की पहचान जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय रवीना सपेरा के रूप में हुई है, जो पेशे से कालबेलिया नृत्यांगना थी। उसकी बहनें कल्पना और ममता सपेरा इस हादसे में घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में वैन चालक तोगाराम खत्री भी घायल हुआ है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैन चालक शहर की ओर आ रहा था। कोतवाली थाने के एएसआई ओमाराम के अनुसार, तीन नंबर स्कूल के पास वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे चल रही तीनों बहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन रवीना को करीब 20-25 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद वाहन सीवरेज नाले को पार करता हुआ एक मकान की दीवार से जा टकराया। इस दौरान रवीना गाड़ी और दीवार के बीच बुरी तरह फंस गई, जिससे उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वैन को पीछे हटाकर रवीना को बाहर निकाला गया। उसे तत्काल ऑटोरिक्शा की मदद से जवाहिर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बहनों और वैन चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पढ़ें- राजस्थान में RGHS पर टकराव: 700 निजी अस्पतालों का सेवाएं बंद करने का दावा, योजना पर सरकार बोली- सब चंगा सी
कालबेलिया नृत्य से चलती थी आजीविका
तीनों बहनें कालबेलिया नृत्य से जुड़ी हुई थीं और जैसलमेर के विभिन्न होटल और रिसॉर्ट्स में प्रस्तुति देकर अपना जीवनयापन करती थीं। रवीना की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं स्थानीय कलाकार समुदाय में भी गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वैन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।