जैसलमेर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई
जैसलमेर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई पुलिस थाना फलसूंड क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर एक युवक के कब्जे से 29 किलो 190 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। आरोपी की पहचान खेतसिंह पुत्र गणपतसिंह (उम्र 26 वर्ष), निवासी चौहानों की ढाणी मुकनसर, थाना फलसूंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर हिरासत में लेकर पूछताछ की और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
दूसरी बड़ी कार्रवाई पुलिस थाना सांगड़ क्षेत्र में की गई। यहां पुलिस ने एक तस्कर को डोडा पोस्त, स्मैक और नकदी के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी जयसिंह पुत्र अजीतसिंह (उम्र 34 वर्ष), निवासी लखमणा, थाना सांगड़ के कब्जे से 8 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त, 9 ग्राम स्मैक तथा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से अर्जित 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है।