भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव के बीच राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर से एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सुरक्षा से जुड़ी सूचना सामने आई है। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे जिले में कंप्लीट ब्लैकआउट (पूर्ण अंधकार) का आदेश जारी किया है, जो कि आज रात 9 बजे से लेकर कल सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इस निर्णय की पुष्टि जिला कलक्टर कार्यालय से की गई है। प्रशासन द्वारा पहले ब्लैकआउट की समय-सीमा रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में हालात की गंभीरता को देखते हुए इस अवधि को दो घंटे और बढ़ाकर सुबह 6 बजे तक कर दिया गया है।
सुरक्षा कारणों से लिया गया निर्णय
जैसलमेर, जो भारत-पाक सीमा से सटा हुआ है, हमेशा से सामरिक दृष्टि से अति संवेदनशील क्षेत्र रहा है। मौजूदा तनावपूर्ण हालातों में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने और सुरक्षा एजेंसियों को मदद देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह कदम सिर्फ एहतियातन उठाया गया है और आम जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्क और जागरूक रहने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
ये भी पढ़ें-
India-Pak Tension: खुद को द्वितीय पंक्ति का सिपाही मानते हैं खाजूवाला के लोग, कहा-पाकिस्तान दुनिया के लिए खतरा
नागरिकों के लिए जारी हुए स्पष्ट निर्देश
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जिले के प्रत्येक नागरिक को आज रात 9 बजे से पहले अपने घर की सभी लाइटें, बल्ब, ट्यूबलाइट्स, बाहर की लाइटें, सजावटी लाइटिंग आदि पूर्ण रूप से बंद करनी होंगी। केवल आवश्यक उपकरणों को छोड़कर बाकी सभी प्रकार की रोशनी को बंद रखना अनिवार्य होगा। इसके अलावा हर घर की खिड़कियों और दरवाजों पर मोटे पर्दे या ब्लैकआउट सामग्री लगाने की भी अपील की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की रोशनी बाहर न जा सके।
ADM परसाराम सैनी की अपील: जिम्मेदार नागरिक बनें
अपर जिला कलेक्टर (ADM) परसाराम सैनी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि हम एक सीमावर्ती जिले के नागरिक हैं। हमारी छोटी-छोटी सावधानियां भी देश की सुरक्षा में बड़ा योगदान दे सकती हैं। इस ब्लैकआउट आदेश को हल्के में न लें। यह हमारी सुरक्षा एजेंसियों के ऑपरेशनल कार्यों में सहायक होगा और दुश्मन की निगाहों से हमारी स्थिति को छुपाने में मदद करेगा। उन्होंने आगे कहा कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम प्रशासन का सहयोग करें और जिले की सुरक्षा में भागीदार बनें। कोई भी व्यक्ति लापरवाही न बरते और यदि किसी को नियमों की जानकारी नहीं है तो अपने पड़ोसियों और परिचितों को भी सूचित करें।
ये भी पढ़ें-
India-Pak Tension: खुद को द्वितीय पंक्ति का सिपाही मानते हैं खाजूवाला के लोग, कहा-पाकिस्तान दुनिया के लिए खतरा
आम जनता से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि यह आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक इस संदेश को अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों और मित्रों तक अवश्य पहुंचाए, जिससे कोई भी व्यक्ति अनजान न रहे और सभी तय समय पर ब्लैकआउट का पालन करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति चालू रहेगी, लेकिन नागरिकों को अपनी ओर से लाइटें बंद रखनी होंगी।