पश्चिमी राजस्थान के जन प्रतिनिधि तथा शिव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रवींद्र सिंह भाटी सरहदी क्षेत्रों के गांव-गांव का सघन दौरा कर रहे हैं। वर्तमान भारत-पाक तनाव की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए वे सीमावर्ती क्षेत्रों की आम जनता को किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति के प्रति सतर्क और जागरूक कर रहे हैं।
इस दौरान भाटी स्थानीय निवासियों से संयम, साहस और सामूहिक सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि भारत सरकार और प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तत्पर है तथा नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें- Ajmer News: भारत-पाक तनाव के बीच अलर्ट पर जेएलएन अस्पताल, पूरी की तैयारी
जैसलमेर में बम मिला, नौ घंटे ब्लैक आउट, यहां रातभर बजा सायरन, राजस्थान में कैसे हालात?
पहलगाम आतंकी हमले और फिर भारत के पाकिस्तान पर किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच तनाव के हालात हैं। पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तान की ओर से देश के सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, जिन्हें भारत नाकाम कर रहा है। पाक की ओर से राजस्थान के सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए गए हैं।
यह हमले ड्रोन से उत्तरलाई, फलोदी, नाल और जैसलमेर-पोकरण में किए गए। भारतीय सेना ने सभी ड्रोन हवा में गिराकर नाकाम कर दिया। हालांकि हालात को देखते हुए राजस्थान के छह जिले जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, पाली और श्रीगंगानगर में ब्लैकआउट रहा। गुरुवार रात बाड़मेर पूरी तरह अंधेरे में डूबा रहा। यहां रात नौ बजे से सुबह चार बजे तक ब्लैकआउट रहा। इसी तरह जैसलमेर में भी रात नौ से सुबह छह बजे तक ब्लैकआउट रहा। इसके अलावा शहर के सूली डूंगर के पास पाकिस्तानी ड्रोन का मलबा और किशनघाट में एक बस्ती में जिंदा बम मिला है। सूचना पर सेना और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। इन्हें लेकर जांच की जा रही है। आइए, जानतें हैं कहां कैसे हालात हैं और क्या तैयारी है?
यह भी पढ़ें- Jhunjhunu News: उधमपुर में तैनात असिस्टेंट मेडिकल सर्जन पाक हमले में शहीद, गांव लाया जाएगा पार्थिव शरीर
सरकार अलर्ट, बॉर्डर इलाकों में रातोंरात पोस्टिंग
पाकिस्तान और भारत के बीच चल रहे तनाव के कारण राजस्थान सरकार भी अलर्ट मोड पर है। हलात को देखते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने गुरुवार देर रात हाईलेवल बैठक की। जिसमें मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक, डीजी इंटेलिजेंस और एडीजी कानून व्यवस्था शामिल हुए। साथ ही सरकार की ओर से बॉर्डर इलाके वाले जिलों के विभागों में खाली पदों को रातोंरात अधिकारियों-कर्मचरियों की पोस्टिंग कर भर दिया। सरकार की ओर से नौ आरएएस अधिकारियों को नियुक्त किया है। इनमें महेश चंद्र मान को एसडीएम भणियाणा (जैसलमेर), प्रभजोत सिंह गिल एसडीएम मूंडवा, लाखाराम - एसडीएम पोकरण, संदीप चौधरी - एसडीएम बज्जू (बीकानेर), कुणाल राहड़ - एसडीएम बीकानेर उत्तर, भरतराज गुर्जर - एसडीएम फतेहगढ़, कविता गोदारा - सहायक कलेक्टर सीकर, रामलाल मीणा - एसडीएमगडरा रोड (बाड़मेर) को नियुक्त किया गया है। साथ ही नगर परिषद आयुक्त, अधिशाषी अधिकारी, राजस्व अधिकारी, अग्निशमन अधिकारी और फायरमैन की नियुक्ति भी की गई है। इसके अलावा अलग-अलग निकायों से 75 फायर ब्रिगेड को भिजवाने के आदेश भी दिए गए हैं।